बरेली में नाले से मिले गोवंश के अवशेष, पुलिस पर गिरी गाज—7 कर्मी सस्पेंड, आरोपियों की तलाश तेज…
बरेली से बड़ी खबर ✍️
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब नाले में प्लास्टिक कचरे के बीच गोवंश के अवशेष बरामद हुए। यह घटना 21 और 22 मार्च 2026 की बताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची और जांच के लिए अवशेषों के नमूने ले लिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए बरेली पुलिस ने तत्काल गोवध निवारण अधिनियम की सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें गठित
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही पड़ी भारी—7 पुलिसकर्मी निलंबित
इस पूरे मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 उपनिरीक्षक, 4 हेड कांस्टेबल और 1 कांस्टेबल को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में भारी रोष देखा जा रहा है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहा है।









