पुलिस ने पशु तस्करों के गिरोह का किया खुलासा, दो हिस्ट्रीशीटर समेत छह आरोपी गिरफ्तार…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली में पुलिस ने पशु तस्कर गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पशु चोरी करने के बाद कटान कर मांस बेचते थे। आरोपियों में चार आरोपी हिंदू समुदाय से और दो मुस्लिम समुदाय से हैं।
बरेली के हाफिजगंज थाने की पुलिस ने पशु तस्करी के मामले में दो हिस्ट्रीशीटर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पशु चोरी करने के बाद कटान कर मांस बेचते थे। आरोपियों में चार आरोपी हिंदू समुदाय से और दो मुस्लिम समुदाय से हैं। एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
थाना प्रभारी प्रवीन सोलंकी ने बताया कि 12 मार्च को गांव सावरखेड़ा में बहगुल नदी किनारे ग्रामीणों ने संरक्षित पशु के अवशेष पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने करीब 40-45 बीघा क्षेत्र में फैली कंटीली झाड़ियों और पेड़ों के बीच सर्च अभियान चलाया, जहां से संरक्षित पशुओं के अवशेष, हड्डियां और सड़ी-गली खाल बरामद की। इस मामले में हाफिजगंज थाने में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि शनिवार को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
फिदा हुसैन निवासी गांव ऐमी गहलुईया, थाना जहानाबाद (पीलीभीत) हाल पता हरहरपुर मटकली हाफिजगंज, अशफाक निवासी हाफिजगंज, अजय सिंह निवासी भंडसर, नंद किशोर उर्फ छोटू निवासी भंडसर, सुरेंद्र और करन निवासी अलियापुर थाना हाफिजगंज।
थाना प्रभारी प्रवीन सोलंकी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने गोकशी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में लिप्त थे। वहीं, एक आरोपी फईम निवासी धौराटांडा (थाना भोजीपुरा) पुलिस को चकमा देकर भाग गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए हिंदू समुदाय के चारों लोग छुट्टा पशुओं को पकड़कर तस्करों के बताए स्थान तक पहुंचाने का काम करते थे।









