Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

22/03/2026

तीन अपने बच्चों को किया गायब, दूसरों के बच्चे चुराकर बनती रही मां — बरेली में शातिर बिंदा उर्फ रंजना गिरफ्तार…

Spread the love

सत्यम गौड़। फरीदपुर

बरेली के फरीदपुर में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कुशीनगर की रहने वाली आरोपी महिला बिंदा उर्फ रंजना को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह महिला अपने ही तीन बच्चों को गायब करने के बाद दूसरों के बच्चों को चोरी कर उन्हें अपना बताकर परिवार को धोखे में रख रही थी।

      मामले का खुलासा तब हुआ जब हरदोई के देहात थाना क्षेत्र के गांव मिरगंवा निवासी सुनभला कुमारी ने फरीदपुर थाने में अपने 9 माह के बेटे अरुण के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि बस में सफर के दौरान आरोपी महिला ने उसकी मदद कर भरोसा जीता और फिर बहाने से बच्चे को लेकर फरार हो गई।

     पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव खनी नवादा से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो बच्चे बरामद हुए, जो उसके अपने नहीं थे।

तीन शादियां, हर बार नया खेल

जांच में सामने आया कि बिंदा उर्फ रंजना ने तीन शादियां की थीं। दूसरी शादी उसने मेरठ में की थी, जबकि तीसरी शादी करीब छह साल पहले बरेली के खनी नवादा निवासी गुड्डू से की थी।

तीसरे पति गुड्डू ने खोले राज

गुड्डू ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद उसके तीन बच्चे हुए, लेकिन हर बार डिलीवरी के समय आरोपी महिला मायके चली जाती थी और वापस खाली हाथ लौटती थी। पूछने पर वह बच्चों को मायके में होने की बात कहकर टाल देती थी।

     जब गुड्डू ने सख्ती दिखाई तो आरोपी महिला हरदोई की महिला का बच्चा और मेरठ में अपने दूसरे पति की दूसरी पत्नी का बच्चा चोरी कर ले आई और उन्हें अपना बताकर घर में रख लिया।

तस्करी एंगल पर भी जांच

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ क्या किया — क्या उन्हें कहीं बेच दिया गया या किसी गिरोह से संबंध है।

   फिलहाल पुलिस ने मेरठ निवासी उसके दूसरे पति को भी बुलाया है। पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे मामले का बड़ा खुलासा होने की संभावना है। आरोपी महिला को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।


Spread the love