सेना की जमीन पर अवैध मजार का निर्माण: विथरी चैनपुर क्षेत्र में मचा हड़कंप, कार्रवाई की मांग…
सत्यम गौड़। बरेली
जनपद के थाना विथरी चैनपुर क्षेत्र के ग्राम कंथारिया के पास स्थित सेना की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से मजार निर्माण का मामला सामने आया है। इस खबर के सामने आते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया है और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
बताया जा रहा है कि संबंधित भूमि सेना की सरकारी जमीन है, जिस पर बिना अनुमति मजार का निर्माण कर लिया गया है। इसको लेकर लोगों का कहना है कि यह नियमों के खिलाफ है और सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर मामला है।
स्थानीय लोगों व सामाजिक संगठनों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया है। उन्होंने मांग की है कि इस अवैध निर्माण को जल्द से जल्द हटाया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें डीजीपी उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी बरेली, उत्तर प्रदेश पुलिस, और बरेली पुलिस को टैग करते हुए मामले में अतिशीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय को भी इस प्रकरण से अवगत कराया गया है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शिकायत के बाद जांच और कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।









