डीडीपुरम के ‘मीट मी हियर कैफे’ में हुक्का-शराब का खेल बेनकाब, दो आरोपी गिरफ्तार…
सत्यम गौड़। बरेली
थाना प्रेमनगर पुलिस ने अवैध रूप से हुक्का और शराब परोसने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए डीडीपुरम स्थित ‘मीट मी हियर कैफे’ पर छापा मारकर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से हुक्का, अंग्रेजी शराब की बोतलें और अन्य सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 106/26 धारा 280/271 बीएनएसएस व 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मुखबिर की सूचना पर देर रात करीब 9:20 बजे कैफे में छापा मारा गया, जहां अवैध रूप से ग्राहकों को हुक्का और शराब परोसी जा रही थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गौरव (24 वर्ष) निवासी जाटवपुरा टायर मंडी और गोलू (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। मौके से 3 हुक्का, 4 बोतल अंग्रेजी शराब और करीब 50 फिल्टर पाइप बरामद किए गए।
पूछताछ में खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि कैफे में बैठाकर ग्राहकों को हुक्का और शराब परोसी जाती थी। उन्होंने स्वीकार किया कि यह काम अवैध रूप से किया जा रहा था।
पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
थाना प्रभारी प्रेमनगर सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से हुक्का और शराब परोसने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।









