ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की दर्दनाक मौत, जांच जारी…
थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीताम्बरपुर रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नवादावन के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना 1285/30 पैनल के पास की है, जहां से गुजर रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस व थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा कैसे हुआ। पुलिस जांच कर रही है। रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
रेलवे पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।









