मुरैना में अनोखा विरोध: गैस नहीं मिली तो महिला बन गई ‘मां महाकाली’, एजेंसी के सामने किया जोरदार प्रदर्शन
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में उस समय अजीबो-गरीब स्थिति बन गई जब एलपीजी गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज एक महिला ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। महिला अचानक गैस एजेंसी के सामने ‘मां महाकाली’ के स्वरूप में आ गई और जीभ बाहर निकालकर जोरदार प्रदर्शन करने लगी। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
जानकारी के मुताबिक महिला काफी समय से गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के चक्कर लगा रही थी, लेकिन उसे सिलेंडर नहीं मिल पा रहा था। इसी बात से नाराज होकर वह सीधे गैस एजेंसी पहुंची और वहीं विरोध शुरू कर दिया। महिला ने मां महाकाली का रूप धारण कर एजेंसी के कर्मचारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की।
महिला का यह अंदाज देखते ही एजेंसी में मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगे, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा। महिला लगातार अपनी समस्या बताते हुए गैस सिलेंडर की मांग करती रही।
आखिरकार बढ़ते हंगामे और भीड़ को देखते हुए गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने महिला को तुरंत एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया। सिलेंडर मिलने के बाद महिला का गुस्सा शांत हुआ और वह वहां से वापस चली गई।
इस अनोखे प्रदर्शन की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है। लोगों का कहना है कि गैस जैसी जरूरी सुविधा के लिए अगर लोगों को इस तरह विरोध करना पड़े, तो यह व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। वहीं कुछ लोग इसे महिला के गुस्से और बेबसी का अलग ही रूप बता रहे हैं।









