ऑपरेशन प्रहार” में बड़ी कार्रवाई : 4 वाहनों से 88 टन अवैध स्क्रैप जब्त पूंजीपथरा, पुसौर और कोतरारोड़ पुलिस की कार्रवाई, 68.69 लाख की संपत्ति जब्त…
28.69 लाख का स्क्रैप और करीब 40 लाख के वाहन पुलिस ने किए जब्त
रायगढ़, 16 मार्च। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की है। पिछले 48 घंटों में पूंजीपथरा, पुसौर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चार वाहनों से लगभग 88 टन लोहे का स्क्रैप जब्त किया है।
जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख 69 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि कार्रवाई में जब्त किए गए वाहनों की कीमत लगभग 40 लाख रुपये है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 68 लाख 69 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
➡️ पूंजीपथरा पुलिस की दोहरी कार्रवाई
पूंजीपथरा पुलिस ने गेरवानी चौक में 18 चक्का ट्रक क्रमांक CG13AZ7090 को रोककर जांच की, जिसमें करीब 31 टन लोहे का स्क्रैप मिला। चालक नितीश कुमार (जिला भोजपुर, बिहार) से वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर स्क्रैप जब्त कर कार्रवाई की गई।
इसी क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने CG 04 D 0820 अल्ट्रा वाहन से करीब 12 टन लोहे का स्क्रैप बरामद किया। चालक मो. जांहगीर अंसारी (जिला लोहरदगा, झारखंड) कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर उसके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
➡️ पुसौर पुलिस की कार्रवाई
पुसौर पुलिस ने ट्रक क्रमांक OD-09-N-9105 से 25.620 टन स्क्रैप जब्त किया। चालक विजेन्द्र लाहुर (जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश) परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर स्क्रैप और ट्रक जब्त कर कार्रवाई की गई।
➡️ कोतरारोड़ पुलिस की कार्रवाई
कोतरारोड़ पुलिस ने कोसमनारा तिराहा में नाकेबंदी कर ट्रक क्रमांक CG 13 LA 5899 को रोककर जांच की, जिसमें करीब 19 टन लोहे का स्क्रैप मिला। चालक मनोज यादव (जिला सारण, बिहार) कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर स्क्रैप और वाहन जब्त कर कार्रवाई की गई।
👉 एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध कबाड़ परिवहन और चोरी के माल की खरीदी-फरोख्त पर पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।









