नेशनल लोक अदालत में 6806 लंबित मामलों का निराकरण, रायगढ़ सहित जिलेभर में 29 खंडपीठों में हुई सुनवाई..
रायगढ़, 14 मार्च 2026।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार आज रायगढ़ जिले में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला न्यायालय रायगढ़ में कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र कुमार जैन ने न्यायालयीन सभागार में मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
लोक अदालत के सफल संचालन के लिए जिला मुख्यालय रायगढ़ के साथ-साथ तहसील न्यायालय सारंगढ़, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, खरसिया, भटगांव और बिलाईगढ़ में भी खंडपीठों का गठन किया गया। परिवार न्यायालय, श्रम न्यायालय और किशोर न्याय बोर्ड को मिलाकर कुल 29 खंडपीठों में मामलों की सुनवाई हुई। रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ के राजस्व न्यायालयों में भी खंडपीठ गठित कर मामलों के निराकरण की प्रक्रिया संचालित की गई।
नेशनल लोक अदालत में लगभग 7867 लंबित प्रकरण तथा करीब 7 लाख प्रीलिटिगेशन प्रकरण राजीनामा के आधार पर निराकरण के लिए प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 6806 लंबित प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।
सुनवाई में मोटर दुर्घटना दावा, बैंक वसूली, आपराधिक मामले, विद्युत प्रकरण, श्रम विवाद, पारिवारिक विवाद, चेक अनादरण, सिविल प्रकरण, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 से जुड़े मामले तथा यातायात उल्लंघन से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। लोक अदालत के माध्यम से कम समय में बड़ी संख्या में मामलों का समाधान होने से पक्षकारों को त्वरित न्याय मिला और न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ भी कम हुआ।
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जिला न्यायालय रायगढ़ की महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान और कार्यनिष्ठा के लिए प्रशस्ति पत्र, स्मारक चिन्ह और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायालय रायगढ़ के न्यायाधीशगण, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, अधिवक्ता, बैंक व विद्युत विभाग के अधिकारी, पक्षकार, न्यायालयीन कर्मचारी तथा पैरालीगल वालंटियर्स उपस्थित रहे।








