प्लेट में हड्डी जैसे टुकड़े दिखने पर हुआ शक, तहरीर देकर जांच व सख्त कार्रवाई की मांग…

सत्यम गौड़। फरीदपुर
पनीर की जगह मीट खिलाने का आरोप, हिंदू जागरण मंच कार्यकर्ताओं ने शान फैमिली रेस्टोरेंट पर किया प्रदर्शन
फरीदपुर कस्बे में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब पनीर की जगह मीट परोसने के आरोप को लेकर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने शान फैमिली रेस्टोरेंट के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्लेट को देखकर हुआ शक
पुलिस को दी गई तहरीर में मोहल्ला परा ठाकुराइन वाली गली निवासी विक्रम सिंह पुत्र बबलू सिंह ने आरोप लगाया है कि मंगलवार की रात करीब 10 बजे वह कस्बे के हाईवे स्थित शान फैमिली रेस्टोरेंट पर खाना खाने गया था। वहां उसने पनीर की सब्जी का ऑर्डर दिया था, लेकिन खाना खाते समय प्लेट में पड़े टुकड़ों को देखकर उसे शक हुआ। बताया गया कि सब्जी में हड्डी जैसे टुकड़े और मांस के पीस दिखाई दिए, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
शिकायत के बाद बढ़ा मामला
विक्रम सिंह का कहना है कि जब उसने इस बारे में रेस्टोरेंट संचालक सरताज अली से शिकायत की तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद जानकारी मिलने पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता इकट्ठे होकर बुधवार को मौके पर पहुंच गए और रेस्टोरेंट के बाहर विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले में पीड़ित की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








