हादसे में घायल सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की अस्पताल में मौत…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
होली के कार्यक्रम में मामूली कहासुनी के बाद हुए हादसे में घायल हुए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के लाइन पार बुखारा रोड़ निवासी अरविंद कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा विकास यादव 1 मार्च को बिथरी चैनपुर स्थित ग्रीन फार्म रिजॉर्ट में आयोजित होली कार्यक्रम में गया था। कार्यक्रम के दौरान कुछ अज्ञात लोगों से उसकी कहासुनी हो गई थी।
परिजनों के अनुसार कार्यक्रम से लौटते समय जब विकास अपनी बाइक से घर आ रहा था, तभी घंटाघर चौराहा के पास न्यू बीडीए कॉलोनी के नजदीक अज्ञात कार सवार युवकों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने घायल विकास को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान सोमवार रात उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि विकास यादव सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर था और उसके इंस्टाग्राम व फेसबुक समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर करीब 25 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स थे। उसकी मौत की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई और लोगों ने उसे श्रद्धांजलि दी।
परिजनों का कहना है कि विकास तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और सोशल मीडिया से जुड़े कई लोगों का काम भी संभालता था। वह बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम, दिवंगत विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल समेत कई लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट का संचालन भी करता था।
फिलहाल पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात कार सवार युवकों की तलाश की जा रही है।








