तिल्दा-नेवरा में बच्चा चोरी की अफवाह से मचा हड़कंप, पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में इन दिनों सोशल मीडिया पर बच्चा चोरी को लेकर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति के बारे में दावा किया जा रहा है कि वह बच्चों को चोरी करने के इरादे से इलाके में घूम रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में लोगों के बीच डर और सतर्कता का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति साधु जैसे वेशभूषा में नजर आ रहा है और उसे लेकर तरह-तरह की बातें सोशल मीडिया पर फैल रही हैं। कुछ लोग इसे बच्चा चोरी की घटना से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि अभी तक इस मामले में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, क्षेत्र के लोगों से अपील की जा रही है कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस या स्थानीय प्रशासन को दें। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि बिना पुष्टि के किसी भी अफवाह या वीडियो को आगे शेयर न करें, ताकि अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति न बने।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से शांति बनाए रखने तथा सतर्क रहने की अपील की गई है।








