32 मिनट का वीडियो बनाकर फंदे पर झूल गया धोपेश्वरनाथ मंदिर का सेवादार; प्रेमिका के परिवार और परिजनों पर लगाए गंभीर आरोप…
सत्यम गौड़। बरेली
कैंट क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धोपेश्वरनाथ मंदिर में सेवादार के रूप में काम करने वाले युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले युवक ने 32 मिनट 34 सेकंड का वीडियो बनाकर यूट्यूब पर अपलोड किया, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका के परिवार, अपने परिजनों और पुलिस पर प्रताड़ित करने तथा झूठी शिकायत कराने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मरने से पहले रिकॉर्ड किया वीडियो
जानकारी के अनुसार धोपेश्वरनाथ मंदिर के सेवादार विजय राठौर ने आत्महत्या से पहले अपना एक वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया था। वीडियो में उसने बताया कि वह काफी समय से मानसिक रूप से बेहद परेशान चल रहा था और कई रातों से ठीक से सो भी नहीं पा रहा था। विजय ने आरोप लगाया कि उसके अपने घरवालों और एक युवती के परिवार ने उसे इतना प्रताड़ित किया कि उसके पास आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। वीडियो में उसने यह भी कहा कि उसके खिलाफ झूठी शिकायत कराई गई और पुलिस ने भी पैसे लेकर कार्रवाई की। विजय ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसकी बात किसी ने नहीं सुनी।
दो साल पहले मंदिर में हुई थी मुलाकात
वीडियो में विजय ने बताया कि करीब दो साल पहले धोपेश्वरनाथ मंदिर में ही उसकी मुलाकात एक युवती से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों करीब आ गए। विजय के मुताबिक उसने युवती को प्रपोज भी किया था और दोनों के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था। उसने बताया कि महाशिवरात्रि से पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी। करीब एक महीने बाद युवती ने संदेश भेजकर साफ कह दिया कि अब उनके बीच कोई रिश्ता नहीं रह सकता।
रिश्ते को बचाने की करता रहा कोशिश
विजय ने वीडियो में कहा कि वह युवती से रिश्ते को बचाने के लिए बार-बार उससे बात करने की कोशिश करता रहा, लेकिन युवती नहीं मानी। इस दौरान उसके परिजनों और युवती के परिवार की ओर से भी उसे प्रताड़ित किया गया। वीडियो में उसने कहा कि वह यह वीडियो बरेली के एसएसपी तक पहुंचाना चाहता है। उसने उम्मीद जताई कि उसकी मौत के बाद उसे न्याय मिलेगा।
घटना के बाद मचा हड़कंप
विजय की आत्महत्या की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवक के लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जाएगी और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।








