ऑपरेशन प्रहार में बड़ी सफलता: 4 ट्रकों से 80 टन संदिग्ध कबाड़ जब्त, 82 लाख की संपत्ति पर कार्रवाई…
रायगढ़, 24 फरवरी 2026।
जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार ट्रकों में लोड भारी मात्रा में संदिग्ध कबाड़ जब्त किया है। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 82 लाख रुपये बताया गया है
घेराबंदी कर पकड़े गए ट्रक
23 फरवरी 2026 की दोपहर मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घरघोड़ा से रायगढ़ की ओर आ रहे चार ट्रकों को सामारूमा मेन रोड के पास घेराबंदी कर रोका। तलाशी के दौरान ट्रकों में लोहे के एंगल, पाइप, टिन और अन्य कबाड़ सामग्री पाई गई।
जांच में कुल लगभग 80 टन कबाड़ बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत करीब 28 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है। कबाड़ के साथ चारों ट्रकों को भी जब्त कर लिया गया।
जब्त किए गए वाहन व सामग्री
ट्रक क्रमांक CG14D0528 — लगभग 11 टन कबाड़
ट्रक क्रमांक CG04ML3765 — लगभग 25 टन कबाड़
ट्रक क्रमांक CG15AC4339 — लगभग 15 टन कबाड़
ट्रक क्रमांक AP31TF7866 — लगभग 29 टन कबाड़
संबंधित प्रकरणों में इस्तगासा क्रमांक 09/2026, 10/2026, 11/2026 एवं 12/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) BNSS एवं 303(2) BNS के प्रावधानों में कार्रवाई की गई है।
वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके चालक
पुलिस पूछताछ के दौरान वाहन चालकों द्वारा कबाड़ परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इससे सामग्री के चोरी की संपत्ति होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन चालकों द्वारा विरोध किए जाने पर उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
इन व्यक्तियों पर की गई कार्रवाई
सुल्तान खान, ग्राम कुनकुरी, जिला जशपुर नगर
जाकिर मोहम्मद, गेरवानी, थाना पूंजीपथरा, जिला रायगढ़
महकुल अहमद, चैनपुर, जिला बलिया (उ.प्र.)
रघुबीर यादव, गडिगया, जिला दमोह (म.प्र.)
पुलिस अधीक्षक का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि अवैध कबाड़, चोरी की संपत्ति एवं संगठित अपराध से जुड़े मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पूंजीपथरा थाना पुलिस टीम द्वारा की गई।







