ड्यूटी से गायब सफाईकर्मी, ईओ का सख्त एक्शन—आठ का वेतन कटा, नायकों से जवाब तलब…
नगर पालिका फरीदपुर में सफाई व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। सोमवार को ईओ पुनीत कुमार के औचक निरीक्षण ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। निरीक्षण के दौरान आठ सफाईकर्मी ड्यूटी से नदारद मिले, जबकि कई वार्डों में गंदगी फैली हुई थी।
ईओ को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई सफाईकर्मी नियमित रूप से ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहे हैं, लेकिन रिकॉर्ड में उनकी हाजिरी पूरी दिखाई जा रही है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ईओ पुनीत कुमार ने वार्ड संख्या 5, 11, 12, 17, 24 और 25 का निरीक्षण किया। मौके पर सफाई व्यवस्था बदहाल मिली—न कूड़ा उठाया गया था और न ही नालियों की सफाई हुई थी।
लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए ईओ ने अनुपस्थित पाए गए आठ सफाईकर्मियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संबंधित वार्डों में तैनात दो सफाई नायकों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
ईओ पुनीत कुमार ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि सफाई कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रतिदिन मॉनिटरिंग के लिए विशेष टीम गठित की गई है। आगे भी ड्यूटी से गैरहाजिर मिलने या काम में कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







