आलू से भरी ट्रॉली में दबकर मैकेनिक की मौत…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर की आलू से भरी ट्रॉली के नीचे दबकर एक मैकेनिक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब ट्रॉली का पहिया खोलते वक्त जैक जमीन में धंस गया।
जानकारी के अनुसार, फरीदपुर के पर्वता गांव निवासी जितेंद्र की ट्रॉली में खेत से आलू लोड किए जा रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली के पहिये का बेयरिंग खराब हो गया। मरम्मत के लिए चौड़ेरा गांव निवासी मैकेनिक राजवीर (30) को बुलाया गया। राजवीर ने जैक लगाकर पहिया निकाल दिया और ट्रॉली के नीचे घुसकर बेयरिंग ठीक कर रहा था।
इसी दौरान जैक जमीन में धंस गया, जिससे आलू से भरी ट्रॉली अचानक जमीन पर गिर गई और राजवीर उसके नीचे दब गया। मजदूरों ने शोर मचाकर ट्रॉली उठाने की कोशिश की, लेकिन भारी वजन के कारण सफलता नहीं मिली। बाद में आलू की बोरियां हटाकर राजवीर को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







