मोबाइल किश्त विवाद में अधिवक्ता के भाई की हत्या: फरीदपुर पुलिस ने दूसरे आरोपी को किया गिरफ्तार, पहले से एक आरोपी जेल में…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के नवादा बिलसंडी गांव में 19 जनवरी 2026 को अधिवक्ता के भाई और एलएलबी छात्र योगेश की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दूसरे आरोपी पीके (23) को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पहले से एक आरोपी जेल में बंद है।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन पीके और उसके साथियों ने योगेश को पकड़कर गाली-गलौज की और फिर गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल योगेश को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक योगेश का चचेरा भाई अनुज, गिरफ्तार आरोपी पीके का दोस्त था। अनुज ने किसी से मोबाइल फोन लिया था, जिसकी ईएमआई (EMI) न भरने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण पुरानी रंजिश बढ़ गई और यह मामला हत्या तक पहुँच गया।
इस मामले में पुलिस ने 21 जनवरी को सुमित उर्फ नन्हे को भी गिरफ्तार किया था। उसके पास से 12 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए थे।
पुलिस टीम ने शुक्रवार को आरोपी पीके को नहर पटरी रोड के पास से गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है ।




