3 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा श्याम के दर्शन: मनौना धाम में उमड़ी भीड़, आंवला-बिसौली रोड पर लगा जाम…
सत्यम गौड़। बरेली
बसंत पंचमी के अवसर पर बरेली के आंवला स्थित श्रीश्याम मंदिर मनौना धाम में लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर परिसर और आंवला-बिसौली रोड पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे यातायात बाधित हुआ।
बसंत पंचमी की पूर्व संध्या से ही हजारों श्रद्धालु मनौना धाम पहुंचना शुरू हो गए थे। रात तीन बजे तक भक्तों की कतारें तोरण द्वार बिसौली रोड तक पहुंच गईं। सुबह तक आंवला-बिसौली रोड पर भीषण जाम लग गया, जिसकी सूचना पर आंवला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया।

मनौना चौकी तक आंवला-बिसौली रोड काफी संकरा है, जिसके चौड़ीकरण की आवश्यकता महसूस की गई। सड़क किनारे चल रहे निर्माण कार्यों के कारण भी जाम की स्थिति बनी। निर्माण सामग्री जैसे ईंट, पत्थर और सीमेंट सड़क पर डाले जाने से श्रद्धालुओं को परेशानी हुई। देर शाम तक मंदिर से लेकर मनौना धाम पुलिस चौकी तक लंबी लाइनें लगी रहीं। इस दौरान हुई बारिश की फुहारों और तेज हवा ने वातावरण में ठंड बढ़ा दी।
बसंत पंचमी के दिन ही बाबा श्याम के पीतांबरी वस्त्र (बागा) बदले जाते हैं। मान्यता है कि जिन श्याम भक्तों को बाबा श्याम का बागा मिलता है, उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और उनका भाग्योदय होता है। इस विशेष वस्त्र को प्राप्त करने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मनौना धाम पहुंचे थे।

शुक्रवार को मनौना धाम के महंत ओमेंद्र महाराज ने हजारों भक्तों को पीतांबरी वस्त्र वितरित किए। बाबा का बागा पाकर श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उनकी थकान दूर हो गई।
दिल्ली से आए श्याम भक्त रोहित शर्मा ने बताया कि वह लगातार तीन वर्षों से बसंत पंचमी के अवसर पर मनौना धाम आ रहे हैं। उनके परिवार में बड़ी खुशियां आई हैं। उन्होंने महंत महाराज को ईश्वर के समान बताया और कहा कि वे प्रतिदिन बाबा श्याम व महंत महाराज की पूजा करते हैं।

इस दौरान सौ से अधिक सेवादारों ने मंदिर की व्यवस्थाओं में सहयोग कर व्यवस्थाओं को बखूबी संभाला। आंवला कोतवाली से उपनिरीक्षक सोमपाल सिंह, हेड कांस्टेबल सत्यवीर सिंह, संदीप सिंह, महिला कांस्टेबल पूनम व जितिन कौर आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।




