सीडीओ देवयानी ने अनिरुद्धपुर गौशाला का निरीक्षण किया: व्यवस्थाएं बेहतर करने के लिए दिए आवश्यक निर्देश…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली के मझगवां ब्लॉक की अनिरुद्धपुर ग्राम पंचायत स्थित गौशाला का शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बरेली देवयानी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौवंश के लिए उपलब्ध चारा, पानी, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को गौशाला में व्यवस्थाएं और बेहतर करने के निर्देश दिए तथा नियमित निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया।
सीडीओ देवयानी ने बताया कि पिछले दिनों गौशाला को लेकर कुछ नकारात्मक खबरें सामने आई थीं। इसके बाद से अधिकारियों द्वारा लगातार गौशाला का निरीक्षण किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप व्यवस्थाओं में काफी सुधार आया है।
उन्होंने बताया कि साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए केयरटेकर को निर्देश दिए गए हैं। गौशाला में चारा और चोकर की पर्याप्त व्यवस्था है, और प्रतिदिन चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। गौशाला की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, पानी के नाद की साफ-सफाई की जा चुकी है। बीमार पशुओं के लिए एक अलग ‘सिक वार्ड’ बनाया गया है, जहां उन्हें अलग रखकर डॉक्टरों द्वारा उनकी देखभाल की जा रही है।




