चोरी की मोटरसाइकिल के साथ युवक गिरफ्तार: भोजीपुरा थाने में आरोपी पर पांच मुकदमे दर्ज…
सत्यम गौड़। बरेली
भोजीपुरा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह मोटरसाइकिल पीलीभीत जनपद के नौगंवा गांव से चुराई थी।
शनिवार सुबह थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज धौंराटांडा विजय पाल सिंह और हमराही परमानंद सिंह, लक्की सिंह, विपिन कुमार कमुआं मकरुका के पास धौंराटांडा अटामांडा रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान धौंराटांडा की ओर से आ रहे एक युवक ने पुलिस को देखकर अपनी मोटरसाइकिल मोड़ी और भागने की कोशिश की।
पुलिस को संदेह होने पर उन्होंने आवश्यक बल प्रयोग कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम इमरान अहमद, निवासी वार्ड नंबर छह, कस्बा धौंराटांडा, थाना भोजीपुरा बताया।
इमरान ने पुलिस को बताया कि उसने यह मोटरसाइकिल जनपद पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी के गांव नौगंवा से चोरी की थी। भोजीपुरा पुलिस ने थाना सुनगढ़ी से संपर्क किया, जहां से पुष्टि हुई कि पकड़ी गई मोटरसाइकिल के संबंध में सुनगढ़ी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी इमरान के खिलाफ भोजीपुरा थाने में आवकारी अधिनियम, चोरी, मारपीट और जुआ सहित कुल पांच मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया है।




