भवानी सिंह टूर्नामेंट: कानूनगोयन फाइटर्स की शानदार जीत, हार के बाद भावुक हुए बक्सरिया के कप्तान…
फरीदपुर (बरेली) स्थानीय रामलीला मैदान में आयोजित स्वर्गीय श्रद्धेय भवानी सिंह क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को एक बेहद रोमांचक और भावनात्मक मुकाबला देखने को मिला। आज के मैच में कानूनगोयन फाइटर्स ने जीएमडी क्रिकेट क्लब बक्सरिया को पटखनी देते हुए जीत दर्ज की। हालांकि, मैच के बाद मैदान पर हुए ड्रामे और भावनाओं के ज्वार ने दर्शकों को भी हैरान कर दिया।
लो-स्कोरिंग मैच में फंसा रोमांच
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी शिवम बाजपेयी की कप्तानी वाली कानूनगोयन फाइटर्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और पूरी टीम निर्धारित ओवरों में महज 43 रन बनाकर सिमट गई। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी जरगद के नेतृत्व वाली बकसरिया की टीम इस मामूली स्कोर के दबाव को झेल नहीं पाई। कानूनगोयन के गेंदबाजों की सधी हुई गेंदबाजी के आगे बकसरिया की टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई और पूरी टीम 33 रनों पर ऑलआउट हो गई।
मैदान पर फूट-फूट कर रोए कप्तान जरगद
मैच का अंत बेहद भावुक रहा। हार का गम बक्सरिया के कप्तान जरगद बर्दाश्त नहीं कर पाए और मैदान पर ही सिर पटक-पटक कर रोने लगे। कप्तान की यह हालत देखकर हर कोई दंग रह गया। खेल भावना का परिचय देते हुए विजेता टीम के कप्तान शिवम बाजपेयी ने उन्हें गले लगाया और शांत कराया।
विजेता टीम का लगा तांता, बक्सरिया के खेमे में मायूसी
कानूनगोयन फाइटर्स की इस जीत में दीपक, सोनू, अवनीश, शिवम, धीरेंद्र और भोलू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जीत के बाद कानूनगोयन की टीम को बधाई देने वालों का तांता लग गया। वहीं दूसरी ओर, हार की टीस इतनी गहरी रही कि बकसरिया के कप्तान जरगद मैच के बाद से कहीं नजर नहीं आए। बताया जा रहा है कि उन्होंने खुद को घर में कैद कर लिया है और बाहर निकलना बंद कर दिया है।




