हिंदू जागरण मंच संयोजक की पिटाई, वीडियो वायरल:तमंचे के बल पर अगवा कर हमला, पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया…
सत्यम गौड़। भुता, फरीदपुर
बरेली के भुता क्षेत्र में दबंगई का एक मामला सामने आया है, जहां हिंदू जागरण मंच (युवा) के ब्लॉक संयोजक आशीष पटेल के साथ मारपीट की गई। हमलावरों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे इलाके में कानून-व्यवस्था और साइबर अपराध पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, आशीष पटेल को तमंचे के बल पर अगवा किया गया। इसके बाद उन्हें एक सुनसान जगह पर ले जाकर बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। इसका उद्देश्य पीड़ित और उसके परिवार को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना और डराना था।
बताया जा रहा है कि इस हमले का मकसद केवल शारीरिक चोट पहुंचाना नहीं, बल्कि आशीष को मानसिक और सामाजिक रूप से तोड़ना था। वीडियो के साथ आपत्तिजनक टिप्पणियाँ और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। इस घटना के बाद आशीष गहरे मानसिक तनाव में हैं, और उनका परिवार भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
भुता पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।




