फरीदपुर में बंद रोड पर पिकअप ने छात्र को कुचला: 9 वर्षीय युवक गंभीर घायल, चालक मौके से फरार…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
बरेली तहसील फरीदपुर में बंद बुखारा-बदायूं रोड पर रविवार सुबह एक पिकअप ने 9 वर्षीय छात्र पवन को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र का पैर कुचल गया है और उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
रेलवे फाटक बुखारा-बदायूं रोड ओवरब्रिज निर्माण के कारण कई दिनों से पूरी तरह बंद है। इसके बावजूद, रविवार सुबह करीब 8:30 बजे, जब कक्षा तीन का छात्र पवन मठिया स्थित दुकान से सामान लेने जा रहा था, तभी बुखारा की ओर से तेज गति से आ रही पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक पिकअप सहित मौके से फरार होने लगा।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने किसी तरह चालक को रोका और पिकअप की चाबी अपने कब्जे में ले ली। उन्होंने चालक से लहूलुहान छात्र का इलाज कराने को कहा। घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई।
पवन किसान इंटर कॉलेज में कक्षा तीन का छात्र है। वह एक बेहद गरीब और बेसहारा परिवार से है। उसकी मां कमला देवी फैक्ट्री और खेतों में मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करती हैं, जबकि उसके पिता कई साल पहले घर छोड़कर लापता हो गए थे। पवन का पालन-पोषण उसके चचेरे/तहरे विकलांग भाई जुगेंद्र और भाभी मानबती करते हैं, जो एक परचूनी की दुकान चलाते हैं।
इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।




