बिलाड़ा थाने में ‘महिला सुरक्षा व सलाह केंद्र’ का शुभारंभ, महिलाओं को कानूनी व चिकित्सा सहायता प्रदान की जायगी
महिला अधिकारिता विभाग के सहयोग से पुलिस थाना बिलाड़ा में शुक्रवार को महिला सुरक्षा व सलाह केंद्र की औपचारिक शुरुआत की गई। उपखंड अधिकारी मृदुला शेखावत ने केंद्र का उद्घाटन किया।
एसडीएम शेखावत ने बताया कि यह केंद्र महिलाओं को सुरक्षा, सहायता और न्याय की दिशा में प्रभावी मंच उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस उप अधीक्षक अरराज सिंह राजपुरोहित ने कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न को रोकने और पीड़ितों को समय पर मार्गदर्शन देने में यह केंद्र अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विधिक लीगल एडवाइजर पूजा वैष्णव ने बताया कि केंद्र पर आने वाली पीडित महिलाओं को कानूनी सलाह, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा, उचित परामर्श, तथा संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण से संबंधित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। वैष्णव ने स्पष्ट कहा कि उनका पहला लक्ष्य पति-पत्नी के बीच उत्पन्न विवादों को समझाइश के माध्यम से शांतिपूर्वक सुलझाना रहेगा, ताकि परिवार टूटने जैसी स्थिति न बने। उद्द्घाटन के समय में पुलिस उपनिरीक्षक भंवरलाल सीरवी, आंगनवाड़ी ब्लॉक सुपरवाइजर अर्चना जांगिड़, सोशल काउंसलर वर्षा पटेल, सखी उषा कुमारी, कालिका स्टाफ, बिलाड़ा थाना स्टाफ सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।




