देर रात छापेमारी में 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली और पोकलेन मशीन सीज, माफियाओं में मचा हड़कंप…
✍️ बरेली में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेवा सरफापुर में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के सख्त निर्देशों के बाद एसडीएम फरीदपुर रामजन्म यादव के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर अवैध खनन के खेल का पर्दाफाश किया।
मौके पर मिली मशीनें, वाहन जब्त
विशेष अभियान के दौरान नायब तहसीलदार शुभम पांडे, राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने अवैध खनन में लगी 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक पोकलेन मशीन को मौके से सीज कर दिया। अचानक हुई कार्रवाई से खनन माफियाओं में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से भाग खड़े हुए।
अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए चालक
छापेमारी के दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक अंधेरे का लाभ उठाकर अपने वाहन लेकर फरार हो गए। प्रशासनिक टीम के अनुसार मौके पर आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉली और मशीनें अवैध खनन में लगी हुई थीं। जब्त किए गए सभी वाहनों को फरीदपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
दस्तावेज मांगने पर टीम से नोकझोंक
कार्रवाई के दौरान मेवा सरफापुर निवासी तैमूर खां पुत्र हसमूद खां से खनन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोप है कि उसने राजस्व टीम से नोकझोंक की और अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया।
डीएम बोले— अवैध खनन पर नहीं होगी कोई रियायत
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, सरकारी राजस्व की चोरी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं नायब तहसीलदार शुभम पांडे ने बताया कि चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक मशीन को सीज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
खनन माफियाओं को सख्त संदेश
प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। देर रात हुई छापेमारी के बाद क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं में हड़कंप है और प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखने के संकेत दिए हैं।









